
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र में बीती रात सामने आई कथित गोली चलने की घटना ने नया मोड़ ले लिया है. जिस रविशंकर सिंह नामक व्यक्ति पर फायरिंग की बात कही जा रही थी, उसी ने थाने में लिखित बयान देकर स्पष्ट कर दिया है कि उनके साथ किसी तरह की गोलीबारी नहीं हुई थी.
बागबेड़ा रोड नंबर-5 निवासी रविशंकर सिंह ने थाना को दिए गए आवेदन में कहा है कि विरोधी तत्वों द्वारा उनके खिलाफ झूठी और भ्रामक अफवाह फैलाई जा रही है, जिससे उनकी छवि को धूमिल करने और उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने साफ कहा है कि उस दिन वह अपने परिवार के साथ व्यस्त थे और उनके ऊपर गोली चलाने जैसी कोई घटना घटित नहीं हुई है.
रविशंकर ने अपने बयान में यह भी लिखा है कि उन पर न तो किसी ने दबाव बनाया है और न ही कोई दबाव बना सकता है. उन्होंने बागबेड़ा थाना से अनुरोध किया है कि इस पूरे मामले की जांच की जाए और जो विरोधी तत्व इस तरह की अफवाह फैलाने में शामिल हैं, उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए.
इस घटना से इलाके में फैली अफरा-तफरी और अफवाहों पर फिलहाल विराम लग गया है. पुलिस अब मामले की गहन जांच में जुट गई है ताकि यह पता चल सके कि आखिर इस तरह की भ्रामक सूचना फैलाने के पीछे किसका हाथ था. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की झूठी खबरें समाज में अनावश्यक तनाव फैलाती हैं, इसलिए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.

