
उदित वाणी, चाईबासा : बड़ाजामदा फुटबॉल मैदान के समीप सोमवार की आधी रात पांच हथियारबंद अपराधियों ने अनिल चौरसिया के घर पर धावा बोलकर बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया. अपराधियों ने बंदूक की नोक पर परिजनों को बंधक बना लगभग ढाई लाख रुपये नकद, एक सोने की चैन और हाथ में पहनने वाला सोने का ब्रेसलेट लूट लिया. घटना के बाद सभी डकैत मौके से फरार हो गए.
बुधवार को पीड़ित अनिल चौरसिया ने बड़ाजामदा थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
बड़ाजामदा थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के संदिग्ध इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि बहुत जल्द घटना में शामिल सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
अचानक घटी इस डकैती की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है. लोगों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है.

