
उदित वाणी, जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर सिटी इन होटल के समीप स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर में 30 वर्षीय मूकबधिर युवती के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. पीड़िता के परिजनों ने मुख्य आरोपी को रंगेहाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि आरोपी के एक सहयोगी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
पीड़िता के परिजनों के अनुसार, युवती मूकबधिर है और आरोपी अमित कुमार केस संबंधित ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर में देखरेख का कार्य करता है. युवती अक्सर कंपनी परिसर में पानी भरने और गोबर लाने जाती थी. घटना वाले दिन भी वह गोबर लाने के लिए गई थी, लेकिन काफी देर तक घर वापस नहीं लौटी. युवती के देर तक नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू की.
तलाश के दौरान जब परिजन ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर पहुंचे तो उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी अमित कुमार युवती का मुंह दबाकर उसके साथ जबरदस्ती कर रहा था. परिजनों को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन परिजनों ने उसे पकड़ लिया. इसी दौरान आरोपी और परिजनों के बीच हाथापाई हुई, जिसमें आरोपी की आंख के नीचे गंभीर चोट आई. इसके बाद परिजनों ने आरोपी को आजादनगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया.
मामले को लेकर आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कुछ अलग तथ्य भी सामने आए हैं. जांच के दौरान यह जानकारी मिली है कि घटना से पहले पीड़िता का भाई और आरोपी साथ बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे. पीड़िता के भाई का कहना है कि वह शराब पीने के बाद घर चला गया था. वहीं आरोपी का दावा है कि पीड़िता गोबर लेने आई थी और मना करने पर उसके भाई ने उस पर हमला कर दिया.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. पीड़िता के परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी.

