
उदित वाणी, जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र में महिला से हुई छिनतई की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल उद्भेदन कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने दो बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है. आरोपियों के पास से छीना गया पर्स, मोबाइल फोन, नकद राशि समेत अन्य सामान भी बरामद कर लिया गया है.
पुलिस के अनुसार आजादनगर थाना क्षेत्र की जवाहर नगर निवासी सबा परवीन (40 वर्ष) 6 जनवरी की सुबह करीब 7.45 बजे जवाहर नगर स्थित एक चिकन दुकान से खरीदारी के लिए गई थीं. इसी दौरान रोड नंबर-02 की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवकों ने अचानक उनके हाथ से पर्स छीन लिया और फरार हो गए. पीड़िता के पर्स में वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, सोने की बाली, पैन कार्ड, आधार कार्ड तथा करीब 10 हजार रुपये नकद मौजूद थे.
घटना की सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस ने त्वरित अनुसंधान शुरू किया. सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इमरान आलम (18 वर्ष) और वकील उर्फ मो. शाहरुख (18 वर्ष) को गिरफ्तार किया. साथ ही एक नाबालिग आरोपी को भी निरुद्ध किया गया.
आरोपियों की निशानदेही पर छीना गया पर्स, मोबाइल फोन, नकद राशि, महत्वपूर्ण दस्तावेज और घटना में प्रयुक्त हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल (संख्या जेएच-05 ईडी-9875) बरामद की गई.

