
उदित वाणी, जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र में महिला से मोबाइल समेत बैग की छिनतई करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उसके साथ घटना में शामिल एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है. पकड़ा गया आरोपी आजादनगर के केजीएन कॉलोनी, रोड नंबर–2 निवासी मोहम्मद फरहान उर्फ शब्बान बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार दोनों मिलकर छिनतई की घटनाओं को अंजाम देते थे.
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके पास से छीना गया मोटरोला कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है. इसके अलावा उसके पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर कार्ड, तीन हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है. नाबालिग को विधि विरुद्ध बालक मानते हुए आगे की कार्रवाई के लिए बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है.
आजादनगर थाना प्रभारी ने बताया कि 21 जनवरी को मुमताज शाहीन नामक महिला कुली रोड के रास्ते ट्यूशन पढ़ाने जा रही थी. इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधियों ने महिला के पास पहुंचकर झपट्टा मारते हुए उसका पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए. पीड़िता के पर्स में पांच हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और वोटर कार्ड रखे हुए थे.
घटना के बाद पीड़िता ने आजादनगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी अभियान चलाया. इसी क्रम में आरोपी मोहम्मद फरहान उर्फ शब्बान को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान उसने छिनतई की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार गश्त और जांच अभियान जारी रहेगा.

