
उदित वाणी, जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र के पारडीह तामोलीया लिंक रोड स्थित सीटी इन होटल के समीप पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक कुख्यात गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर की गई, जिसमें पटमदा डीएसपी बच्चन देव कुजूर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी की.
पुलिस के अनुसार 22 दिसंबर की शाम करीब छह बजे गुप्त सूचना मिली कि सीटी इन होटल के पास एक व्यक्ति खुलेआम गांजा की बिक्री कर रहा है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने मौके पर छापामारी की. गुप्तचर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया. तलाशी के दौरान उसके पास से 41 पुड़िया गांजा, जिसका कुल वजन 301.31 ग्राम है, तथा 1700 रुपये नकद बरामद किए गए.
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मंटु सिंह उर्फ फुचु बताया. उसने मानगो के कुमरूम बस्ती का निवासी होना स्वीकार किया. इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर जब्त किए गए सामान की सूची तैयार की गई.
गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए पटमदा डीएसपी बच्चन देव कुजूर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आजादनगर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. आवश्यक पूछताछ के बाद मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. डीएसपी ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा है और वह पूर्व में भी मानगो थाना क्षेत्र के कई मामलों में संलिप्त रहा है. इससे स्पष्ट होता है कि वह लंबे समय से अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में सक्रिय था.
छापामारी दल में पटमदा पुलिस उपाधीक्षक के अलावा आजादनगर थाना प्रभारी, एसआई जाफर अंसारी, एसआई श्रीकांत कुमार, एसआई दीपक रौशन, एसआई ईबर दयाल मुंडा, एएसआई विजय कुमार दुबे तथा आरक्षी राम किशोर शामिल थे. पुलिस ने कहा है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.

