
उदित वाणी, जमशेदपुर : आजाद नगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित युशु भवन के पास रिवर व्यू एनक्लेव में सोमवार देर शाम दो युवकों की बुरी तरह पिटाई कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. घायलों की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडिह मोहर्रम इमामबाड़ा निवासी उमर हुसैन के पुत्र अमान हुसैन (22) और उसके मित्र विकास प्रसाद (22) के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, अमान और विकास अपने एक मित्र से मिलने मानगो गए थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अमान के रिश्तेदार शेख असलम और उसके परिवार के सदस्यों सहित अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया. दोनों को लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया.

घटना की सूचना मिलते ही अमान के पिता मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
घायल अमान के परिजन शेख सलाउद्दीन ने बताया कि पारिवारिक विवाद को लेकर दोनों पक्षों में पिछले कुछ वर्षों से कहासुनी चल रही थी. इसी पुरानी रंजिश के कारण रविवार को यह हमला किया गया.
सूचना पाकर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने पीड़ित पक्ष का बयान दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. परिजनों ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

