
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक मामूली सड़क दुर्घटना के बाद एक ऑटो चालक की कार सवार दो युवकों ने सरेआम पिटाई कर दी. घटना शाम करीब 4:00 बजे की है, जब थाना से महज कुछ ही दूरी पर यह घटना घटी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ऑटो रिक्शा अनजाने में एक कार से हल्की टकरा गई. इसके बाद कार में सवार दो युवकों ने ऑटो चालक को पहले सड़क पर रोका और फिर उसे मारने-पीटने लगे. यही नहीं, मारपीट करते हुए वे उसे जबरन बिष्टुपुर थाना तक ले आए, जिससे घटनास्थल पर राहगीरों और दुकानदारों में काफी हड़कंप मच गया.
पीड़ित ऑटो चालक ने मीडिया से बात करते हुए बताया, “मेरी गलती से ऑटो कार से छू गई थी, लेकिन मैंने माफी भी मांगी. फिर भी दोनों युवकों ने मुझे गालियां दीं और सड़क पर ही मारने लगे. बाद में मुझे पकड़कर थाने ले गए.”
सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों को थाने के भीतर बैठाया. बिष्टुपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. दोषियों पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों से लिखित बयान लेकर मामला शांत कराया है, लेकिन मारपीट की पुष्टि होते ही संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किए जाने की प्रक्रिया चल रही है.
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर नाराज़गी जाहिर करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थल पर कानून हाथ में लेना बिल्कुल गलत है. पुलिस से अपेक्षा है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.

