
उदित वाणी, जमशेदपुर: छोटा गोविंदपुर के जनता मार्केट इलाके में शनिवार रात एक सनसनीखेज घटना ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया। एक महिला समेत तीन लोगों पर उनके ही अपार्टमेंट में घात लगाकर हमला किया गया। हमले की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घायल व्यक्तियों की पहचान किरण तिवारी, राहुल तिवारी और रोहित तिवारी के रूप में हुई है, जिन्हें गंभीर चोटों के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विवाद से बदले तक पहुंची बात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे गोविंदपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित प्रज्ञा केंद्र वाली सड़क पर एक हाईवे ट्रक के सड़क में खड़े होने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। ट्रक चालक और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी हुई, जिसमें पीड़ितों ने भी हस्तक्षेप करते हुए ट्रक हटाने की बात कही थी।
मामला हालांकि वहीं थम गया था, लेकिन बाद में यह विवाद हिंसा में बदल गया। पीड़ितों का आरोप है कि ट्रक चालक और खलासी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस मामूली विवाद का बदला लेने की साजिश रची।
घात लगाकर किया गया हमला
रात में करीब 15-20 की संख्या में हमलावर पीड़ितों के अपार्टमेंट में घुस आए। पहले से घात लगाए हमलावरों ने मौके मिलते ही बेसबॉल बैट, हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से तीनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
स्थानीय लोगों में रोष
इस हमले को पूरी तरह योजनाबद्ध बताते हुए स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच, अब तक नहीं हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच प्रारंभ कर दी है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
पीड़ितों की मांग – जल्द हो न्याय
घायल परिवारों ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि यदि समय पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो इस प्रकार की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
