
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के पंजाबी लाइन में गुरुवार सुबह एक व्यक्ति ने डिप्रेशन के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान 41 वर्षीय अमृत पाल सिंह के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि अमृत पाल सिंह ने दो-दो शादियां की थीं, मगर दोनों ही पत्नियों ने वर्षों पहले उन्हें छोड़ दिया था. इसके बाद वे अपनी मां के साथ रह रहे थे. इसी साल फरवरी माह में उनकी मां का निधन हो गया, जिसके बाद वे पूरी तरह टूट गए थे. पड़ोसियों के अनुसार, मां के जाने के बाद से ही वे अवसाद में रहने लगे थे और शराब के आदी हो गए थे.
गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे के आसपास अमृत पाल ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी. जब काफी देर तक घर से कोई हलचल नहीं हुई, तो पड़ोसियों ने आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. खिड़की से झांकने पर उन्हें फंदे से लटका देखा गया. तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही मानगो थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया. प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की पुष्टि हुई है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक नमूने एकत्र किए. सुसाइड नोट की बरामदगी को लेकर जांच जारी है.
पुलिस का कहना है कि मृतक लंबे समय से मानसिक तनाव में था, जो आत्महत्या का प्रमुख कारण प्रतीत होता है. शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी है.

