
उदित वाणी, आदित्यपुर : इमली चौक के पास जलापूर्ति कार्य में जुटी एजेंसी के कर्मचारियों पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है.
गिरफ्तार युवकों में मेहुल जयसवाल, धरुण महतो और विशाल महतो शामिल हैं. इन पर आरोप है कि बीते 19-20 सितंबर की रात को उन्होंने जेडब्ल्यूआईसी इंफ्रा लिमिटेड कंपनी के कर्मचारी प्रेम राज समेत अन्य पर ईंट, पत्थर, लाठी और लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था.
इस मामले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था, जिसने तीनों आरोपियों को दबोच लिया. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन पर भी कार्रवाई की जाएगी.

