
उदित वाणी, सरायकेला : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर आईडीटीआर के समीप बुधवार देर रात हुई भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार एनएल-02 क्यू-7066 नंबर का ट्रेलर तेज रफ्तार से कांड्रा की ओर जा रहा था. इसी दौरान ट्रेलर ने पीछे से जेएच 05 डीएच-50954 नंबर की स्कूटी को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. चालक के फरार होने के बाद अनियंत्रित ट्रेलर सड़क पार कर दूसरी ओर से आ रही जेएच 05 बीवी-1386 नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल से जा टकराया.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुलेट पर सवार दो युवकों में से एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने तत्काल पहल कर घायल युवक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
इधर, घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. हादसे के कारण टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

