
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र में घटित चर्चित सिक्योरिटी गार्ड संदीप महतो हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है. हत्या की वजह अवैध संबंध का शक बताया जा रहा है. सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया ने बताया कि गम्हरिया निवासी संदीप महतो विगत 24 दिसंबर को काम पर जाने के लिए घर से निकले थे, जिसके बाद वह लापता हो गए. अगले दिन 25 दिसंबर को शिवनारायणपुर के जंगल से उनका शव बरामद हुआ था. अपराधियों ने साक्ष्य छुपाने के लिए शव को झाड़ियों में फेंक दिया था.
अवैध संबंध के शक में रची गई हत्या की साजिश
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी विकास चंद्र महतो को संदेह था कि संदीप का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध है. इसी रंजिश के कारण विकास ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर संदीप को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और फिर सुनियोजित तरीके से बेरहमी के साथ उसकी हत्या कर दी गई.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विकास चंद्र महतो (निवासी: शिवनारायणपुर), गोरांगो कालिंदी (निवासी: शिवनारायणपुर) तथा संदीप प्रमाणिक उर्फ फ़टीक (निवासी: गम्हरिया) शामिल है. एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर छापेमारी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार चाकू, गैंता और कुदाल तथा वारदात में इस्तेमाल किए गए सीएनजी ऑटो और मृतक की मोटरसाइकिल तथा मृतक का अधजला आधार कार्ड, पासबुक और दो मोबाइल फोन भी बरामद किया है.

