
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार शाम का घटित एक दर्दनाक हादसे में एक यात्री की मौत हो गई. मृतक यात्री की पहचान आशियाना आदित्य, आदित्यपुर निवासी आलोक सरकार के रूप में हुई है, जो कि घटना के समय नोआमुंडी से जनशताब्दी एक्सप्रेस से वापस लौट रहे थे. जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम लगभग 7:30 बजे ट्रेन से उतरने के दौरान उनका पैर रेलवे ट्रैक में फंस गया, जिसकी वजह से उनका पैर कट गया और सिर में भी गंभीर चोट आई और घटनास्थल पर हीं उनकी मौत हो गई.
घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति भी उत्पन्न हो गई थी. घटना की सूचना तत्काल रेलवे के संबंधित अधिकारियों को दी गई. वहीं, मृतक के शव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है. घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की है.

