
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर के मांझी टोला बस्ती स्थित रैन बसेरा कॉलोनी के मकान संख्या 41 में एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी शनिवार देर शाम कॉलोनीवासियों को हुई. बताया जाता है कि मृतक की उम्र करीब 55 से 60 वर्ष के बीच है, जो पिछले पांच माह से इस फ्लैट में किराए पर रह रहा था.
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक की पत्नी तीन-चार दिन पहले ही उसे छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद से वह गहरे तनाव में था. सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन घर के भीतर 8 से 10 कुत्तों के मौजूद होने के कारण पुलिस शव को तत्काल अपने कब्जे में नहीं ले सकी.
थाना प्रभारी ने बताया कि पहले कुत्तों को नियंत्रित करने की व्यवस्था की जाएगी, उसके बाद रविवार को पोस्टमार्टम और पहचान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक का किसी से विशेष मेलजोल नहीं था, इसलिए कॉलोनी में कोई भी व्यक्ति उसका नाम तक नहीं जानता. मकान मालिक भी इस वक्त शहर से बाहर हैं.
घटना के बाद रैन बसेरा कॉलोनी में भय और शोक का माहौल है.

