
उदित वाणी, आदित्यपुर : पटाखा फोड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद दिंदली बस्ती, आदित्यपुर स्थित एक दुकान में तोड़_फोड़ की घटना घटित हुई है. वहीं, दुकानदार के घर में खूब उत्पात भी मचाया गया. घटना बीती रात लगभग 9.15 बजे की बताई जाती है. घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है. वहीं, पीड़ित परिवार ने आदित्यपुर पुलिस से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है.
पीड़ित सुमन मिश्रा ने बताया कि रात करीब 9:15 बजे उनके घर की खिड़की पर पटाखे फोड़ने की कोशिश की गई. विरोध करने पर बस्ती के असमाजिक तत्वों ने उन्हें और उनके परिवार के साथ गाली- गलौज करते हुए धमकियां दी. सुमन मिश्रा के बड़े पुत्र सुदर्शन मिश्रा ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई.
पीड़ित परिवार ने बताया कि इस घटना से वे अत्यंत भयभीत हैं और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है. वहीं, शिकायत दर्ज होने के बाद आदित्यपुर पुलिस के द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

