
उदित वाणी, आदित्यपुर : श्रीडूंगरी बस्ती, आदित्यपुर निवासी भाजपा नेता और सरायकेला जिला परिषद (गम्हरिया भाग संख्या_ 13) से जिला परिषद का चुनाव लड़ चुके महादेव महतो और उनके बहनोई देवराज महतो के बीच मंगलवार को हुए विवाद ने नया मोड़ ले लिया है. बुधवार को महादेव की बहन माया महतो ने अपने पति देवराज महतो और ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए इंसाफ की गुहार लगाई है। साथ ही अपने भाई का बचाव भी किया है.
माया महतो ने अपने पति द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से ख़ारिज करते हुए कहा कि मंगलवार को वह अपने पति की प्रताड़ना से तंग आकर गम्हरिया थाना गई थी. उनके साथ उनके भाई महादेव महतो और उनकी मां भी थी. माया ने बताया कि उनके भाई महादेव महतो, जब उन्हें घर पर छोड़कर जा रहे थे, तभी महिंद्रा शोरूम के पास उनके पति ने अपने दोस्तों के साथ उनके भाई महादेव महतो के उपर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें उन्हें गंभीर चोटे आई है.
उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही उनके पति उन्हें प्रताड़ित कर रहे है. यहां तक कि बच्चों के साथ भी मारपीट की जाती है. सामाजिक तौर पर कई बार समझौता करने के बाद भी उनके उनकी आदतों में सुधार नहीं हुआ. अब उनका आतंक इस कदर बढ़ गया है कि राह चलते उनके मायके वालों के साथ मारपीट जैसी घटना को अंजाम दे रहे हैं. उधर, भाजपा नेता महादेव महतो ने भी अपने बहनोई द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि मारपीट में वही घायल हुए हैं.
उनके बहनोई को कैसे चोट लगी है, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है. महादेव महतो ने कहा कि मैं अकेला चार-चार लोगों के साथ कैसे मारपीट कर सकता हूं. पुलिस को पूरे मामले की जांच करनी चाहिए. इस पूरे घटनाक्रम के पीछे उन्होंने उनकी राजनीतिक छवि खराब करने का आरोप लगाया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

