
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बैंक कॉलोनी निवासी बिपिन पॉल के घर में हाल ही में हुई चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. थाना प्रभारी विनोद तिर्की के नेतृत्व में माँझी टोला बस्ती सहित विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं, उनकी निशानदेही पर चोरी गया कुल 22 आइटम भी बरामद किए गए हैं.
चांदी, तांबा और पीतल के सामान के साथ नकली जेवरात भी मिले
पुलिस ने आरोपियों के पास से चांदी की दो प्लेट, एक गिलास. तांबे की एक प्लेट और एक दीपक. पीतल की लक्ष्मी-गणेश की दो छोटी मूर्तियां. एक सफेद रंग का बैग. नकली गले का हार सेट और सुनहरे रंग की दो जोड़ी बालियाँ बरामद की हैं. बरामद सामानों में धार्मिक और सजावटी वस्तुएं भी शामिल हैं, जिससे चोरी को योजनाबद्ध और उद्देश्यपूर्ण माना जा रहा है.
इन पांच लोगों को किया गया गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
राजू लोहार (रायडीह बस्ती)
रोहित दास (रायडीह बस्ती)
अंकित हेस्सा (रायडीह बस्ती)
बीरेन्द्र प्रसाद (रायडीह बस्ती)
मोहम्मद फारुख (गरीब नवाज कॉलोनी, जुगसलाई)
इन सभी के खिलाफ आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 215/25, दिनांक 12.07.2025, धारा 305(ए)/331(3) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
आदतन अपराधी है राजू लोहार
गिरफ्तार आरोपी राजू लोहार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. उसके खिलाफ कदमा थाना में कांड संख्या 132/2023 तथा आरआईटी थाना में कांड संख्या 179/21 और 111/2023 के तहत मामले दर्ज हैं.
पुलिस का कहना है कि ऐसे आदतन अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था कायम रखी जा सके. स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें.

