
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के ओल्ड सुभाष कॉलोनी में रविवार देर शाम एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान 42 वर्षीय अभिजीत घोष के रूप में हुई है, जो पेशे से कार चालक था. परिजनों के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रहा था.
मृतक के ससुर औशित भट्टाचार्य ने बताया कि अभिजीत नशे का आदी था और उसकी कार की किश्त लगभग 18 हजार रुपये बाकी थी. किश्त नहीं भर पाने के कारण वह तनाव में था. रविवार को वह लोकल में ऑर्डर लेकर निकला था, लेकिन देर शाम घर लौटने के बाद उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी.
परिजनों ने जब दरवाजा नहीं खुलने पर आवाज दी और अंदर झांका तो अभिजीत को फंदे से लटका देखा. तत्काल उसे नीचे उतारकर एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही मानगो थाना पुलिस एमजीएम अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सोमवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि अभिजीत अक्सर नशे में रहता था और हाल के दिनों में वह काफी उदास दिखता था. पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का ही प्रतीत होता है. हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही हो पाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है.

