
उदित वाणी, चाईबासा : चाईबासा शहर के न्यू कालोनी नीमडीह में हुए सुमित यादव हत्याकांड के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इससे पूर्व दो आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है. हत्याकांड का मुख्य आरोपी मदन शर्मा अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है. पत्रकारों को जानकारी देते हुए चाईबासा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी ने बताया कि हत्याकांड मामले की जांच कर रही विशेष टीम ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गौशाला निवासी रवि टोप्पो और महुलसाई निवासी विजय दास को गिरफ्तार किया है.
इनके पास से हत्या में प्रयुक्त की गई दोनों मोटरसाइकिल को भी बरामद किया गया है. दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. जबकि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार छापामारी कर रही है. आपको बता दें कि 13 जुलाई की रात करीब 10:45 बजे घर से बाहर बुलाकर सिर में गोली मारकर सुमित यादव की हत्या कर दी गई थी. इस मामले में पुलिस ने 20 जुलाई को दो आरोपियों अभिजीत अधिकारी और सौरभ राज उर्फ विक्टर को गिरफ्तार किया था.

