
उदित वाणी, घाटशिला : गालूडीह थाना क्षेत्र के कालीमाटी अंडरपास के पास शुक्रवार सुबह एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला का शव सड़क किनारे पाया गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला बीते कई दिनों से इसी इलाके में रहकर भीख मांगकर अपना गुजारा कर रही थी. जब राहगीरों ने महिला को बेसुध हालत में देखा, तो तत्काल गालूडीह थाना को सूचना दी.
पुलिस पहुंची मौके पर, शव को भेजा गया अस्पताल
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल भेजा. पुलिस ने बताया कि अब तक महिला की पहचान नहीं हो सकी है. वह मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रही थी और कुछ समय से उसी क्षेत्र में देखी जा रही थी.
न चोट के निशान, न शोरगुल – क्या ठंड या बीमारी बनी मौत की वजह?
प्रथम दृष्टया महिला के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या हिंसा के निशान नहीं पाए गए हैं. पुलिस का अनुमान है कि महिला की मौत ठंड या बीमारी से हुई हो सकती है. हालांकि, सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल पाएगा.
स्थानीय लोगों की अपील – बेसहारा लोगों के लिए हो ठोस व्यवस्था
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि मानसिक रूप से विक्षिप्त और बेसहारा लोगों के लिए ठोस व्यवस्था की जाए. ताकि आने वाले दिनों में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

