
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील डाउन स्ट्रीम प्रोडक्ट लिमिटेड (टीएसडीपीएल) के कर्मचारियों के वेज रिवीजन समझौता को लेकर बुधवार को प्रबंधन और यूनियन के बीच मैराथन वार्ता हुई. सुबह 11.30 बजे शुरू हुई वार्ता दोपहर तीन बजे तक चली. वार्ता में प्रबंधन ने सीटीसी के साथ 5000 रुपए की वृद्धि का प्रस्ताव दिया. यूनियन ने करीब 45 हजार रूपए की वृद्धि का प्रस्ताव चार्टर्ड ऑफ डिमांड में दिया है.
यूनियन ने पिछले 26 महीने से वेज रिवीजन लंबित होने का हवाला देते हुए प्रबंधन से बीच का रास्ता निकालने का आग्रह किया. इसके बाद 23 और 24 दिसंबर को वार्ता की तिथि निर्धारित की गई. अगर इस वार्ता में भी सहमति नहीं बन पाएगी, तब प्रबंध निदेशक के स्तर पर वार्ता होगी. वार्ता में सीएचआरओ करण लखानी, संजय मजूमदार आदि तथा यूनियन से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, महामंत्री त्रिदेव सिंह, अमन जी, सच्चिदानंद सिन्हा, उपेंद्र राय शामिल थे.
