
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा पावर स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (टीपीएसडीआई) ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित रोहिणी में एक हरित ऊर्जा कौशल केंद्र का शुभारंभ किया. यह केंद्र हरित ऊर्जा कार्यबल तैयार करने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा प्रौद्योगिकियों जैसे सौर पीवी प्रणालियों, स्थापना, कमीशनिंग और संचालन एवं रखरखाव, ऊर्जा भंडारण, पंपयुक्त जल भंडारण और विद्युत सुरक्षा में प्रशिक्षण प्रदान करेगा. इस केंद्र का उद्घाटन भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) के सचिव संतोष कुमार सारंगी और टाटा पावर के सीईओ एवं एमडी डॉ प्रवीर सिन्हा ने किया.
इस कार्यक्रम में एमएनआरई, नीति आयोग, आरईसी, राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीईटी), टाटा पावर और टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए. एनसीवीईटी से दोहरी पुरस्कार प्रदान करने वाली संस्था का दर्जा प्राप्त टीपीएसडीआई ने राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढांचे (एनएसक्यूएफ) और एनसीवीईटी अनुमोदित योग्यता पैक्स (क्यूपी) के मानकों को मिलाकर पाठ्यक्रम तैयार किए हैं.
