
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन जमशेदपुर ने अगस्त माह में टाटा स्टील से सेवानिवृत कर्मचारियों के लिए एक सम्मान सभा का आयोजन किया. यूनियन कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस समारोह में 19 सेवानिवृत कर्मचारियो को पुष्प गुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया एवं सम्मान स्वरूप गिफ्ट कूपन भेंट किया गया. टाटा वर्कर्स यूनियन में सेवानिवृत कर्मचारियो के लिए आयोजित सम्मान सभा का संचालन टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष शाहनवाज आलम ने किया. सम्मान सभा के मुख्य अतिथि टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी “टुन्नू” थे.
उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियो से एक-एक कर उनका कुशलछेम जाना एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियो के लिए यूनियन द्वारा किए गए कार्यों जैसे पुरी गेस्ट हाउस, बेंजामिन रेस्ट हाउस, कैंसर रेस्ट हाउस आदि सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियो द्वारा उठाए गए मुद्दों का एक-एक कर जवाब दिया. साथ ही यूनियन द्वारा हर संभव मदद करने का आश्वासन भी दिया. धन्यवाद ज्ञापन नीतेश राज ने दिया. इस सभा में टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, सहायक सचिव श्याम बाबू एवं टाटा वर्कर्स यूनियन के कोषाध्यक्ष अमोद कुमार दुबे उपस्थित थे.

