
उदित वाणी, जमशेदपुर : यंग एस्ट्रोनॉमर टैलेंट सर्च (याट्स) के 19वें संस्करण का औपचारिक शुभारंभ टाटा स्टील और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, ओडिशा सरकार के सहयोग से किया गया. यह शुभारंभ लोकसेवा भवन में ओडिशा के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री कृष्ण चंद्र पात्रा द्वारा किया गया. याट्स ओडिशा के कक्षा 6 से 10 तक के छात्रों को एक अनूठा मंच प्रदान करता है, जहां वे अंतरिक्ष विज्ञान, खगोल भौतिकी और खगोल विज्ञान में अपनी रुचि और प्रतिभा प्रदर्शित कर सकते हैं. साथ ही यह आयोजन ओडिया के महान खगोलशास्त्री पठानी सामंत की गौरवशाली विरासत का जश्न भी है. पात्रा ने कहा, “इस वर्ष याट्स की थीम है ‘आज का स्टारगेज़र, कल का गगन्नॉट’. प्रतियोगिताएं विद्यालय और जिला स्तर पर आयोजित की जाएंगी और विजेताओं को 13 दिसंबर को भुवनेश्वर स्थित पठानी सामंत तारामंडल में होने वाले ग्रैंड फिनाले के लिए आमंत्रित किया जाएगा. राज्यभर से चुने गए 30 विजेताओं को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो), बेंगलुरु का भ्रमण करने और वैज्ञानिकों से संवाद करने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा.
ऐसे कर सकते हैं शिरकत
छात्र याट्स में या तो अपने विद्यालयों में भाग ले सकते हैं या याट्स की वेबसाइट [https://www.bit.ly/YATS2025](https://www.bit.ly/YATS2025) पर पंजीकरण करके ऑनलाइन हिस्सा ले सकते हैं. 2025 के संस्करण की थीम है “आज का स्टारगेज़र, कल का गगन्नॉट”, जो भारत के प्रतिष्ठित गगनयान प्रोजेक्ट के अनुरूप है और देश की मानव अंतरिक्ष उड़ान क्षमता को प्रदर्शित करेगा. इसमें कक्षा 6 से 8 के छात्रों के लिए एक ओपन क्विज़ और कक्षा 9–10 के छात्रों के लिए बहुविकल्पीय प्रश्न परीक्षा आयोजित की जाएगी. जिला स्तर के विजेताओं को 13 दिसंबर को भुवनेश्वर स्थित पठानी सामंत तारामंडल में होने वाले ग्रैंड फिनाले के लिए आमंत्रित किया जाएगा, जो महामहोपाध्याय पंडित सामंत चंद्रशेखर सिंह हरीचंदन महापात्र, जिन्हें स्नेहपूर्वक पठानी सामंत कहा जाता है, की जयंती के अवसर पर आयोजित होगा.

