
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील के वीपी (शेयर्ड सर्विसेस) प्रबल घोष ने शुक्रवार को यूनाइडेट क्लब में टाटा वर्कर्स यूनियन के कमेटी मेंबरों के साथ बैठक की और कंपनी की चुनौतियों के बारे में बताया. उन्होंने कमेटी मेंबरों को बताया कि 2030 तक माइंस के ओपन बिड में जाने के बाद की चुनौतियों को लेकर कंपनी अपनी आंतरिक क्षमता को बेहतर बनाने की कोशिश कर रही है ताकि इस चुनौती का सामना किया जा सके. घोष ने बताया कि कंपनी का लक्ष्य 2047 तक कार्बन न्यूट्रल बनना है.
सस्टेनेबिलिटी की चुनौतियों का सामना भी हमे करना है. उन्होंने कहा कि यूनियन और प्रबंधन मिलकर इन चुनौतियों का सामना कर सकता है. यूनियन अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने कहा कि कंपनी के कर्मचारी हर संकट में साथ रहे है. कोरोना के दौरान भी कर्मचारियों ने काम किया और कंपनी को आगे बढ़ाया. ऐसे में कंपनी को भी चाहिए कि कर्मचारियों की मांगों को पूरा करें, ताकि उनमें काम करने का मोटिवेशन बना रहे. मौके पर यूनियन के सारे ऑफिस बेअरर्स मौजूद थे.

