
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील, ट्यूब्स डिवीजन और टाटा स्टील यूटिलिटीज़ एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज़ लिमिटेड की टीमों को ग्रेटर नोएडा में आयोजित 39वें नेशनल कन्वेंशन ऑन क्वालिटी कॉन्सेप्ट्स (एनसीक्यूसी)-2025 में उत्कृष्टता पुरस्कारों से सम्मानित किया गया. टाटा स्टील यूआईएसएल को दो उत्कृष्टता पुरस्कारों से सम्मानित किया गया. यह सम्मेलन 19 से 22 दिसंबर, 2025 तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया गया.
क्वालिटी सर्कल फोरम ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित यह चार दिवसीय सम्मेलन देश भर के उद्योग जगत के नेताओं और प्रतिभागियों को एक मंच पर लाया, जहां गुणवत्ता सुधार और संचालन उत्कृष्टता के लिए नवोन्मेषी विचारों, मॉडलों और समाधानों का प्रदर्शन किया गया. सम्मेलन का विषय था क्वालिटी कॉन्सेप्ट्स फॉर आत्मनिर्भर विकसित भारत. टाटा स्टील यूआईएसएल का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम ऐला (वॉटर एंड वेस्टवॉटर सर्विसेज़) और टीम रंकिनी (पावर सर्विसेज़ एवं यूटिलिटी बिलिंग डिवीजन) को उनकी प्रभावशाली गुणवत्ता सुधार पहलों के लिए सम्मानित किया गया.

टीम ऐला ने क्लैरिफाइड वाटर ग्राहकों को निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पंपिंग सिस्टम में सुधार किया, जबकि टीम रंकिनी ने यूटिलिटी बिलिंग प्रक्रिया को सुव्यवस्थित कर 100 प्रतिशत समय पर ग्राहक द्वार बिल वितरण सुनिश्चित किया. इन दोनों पहलों से संचालन दक्षता, सेवा विश्वसनीयता और ग्राहक संतुष्टि में उल्लेखनीय सुधार हुआ. ट्यूब डिवीजन की टीम एचएफ-2 वैरियर ने सर्वाधिक प्रतिष्ठित पार एक्सीलेंस अवार्ड जीता. टीम में रंजीत चौधरी, शिव प्रसाद, ज्योति स्वरूप, पल्लव कुमार बोस, आरके झा, रमेश सिंह, संदेश चवन एवं यूनियन के कमेटी मेंबर धनंजय शामिल थे, जबकि टाटा स्टील की ही इक्यूएमएस डिपार्टमेंट की टीम धमाका ने भी पार एक्सीलेंस अवार्ड जीतने में कामयाबी हासिल किया.
इस टीम मे अभ्युदय कुमार, होमेंस कुमार, विशाल कुमार, बबीता कुमारी, रश्मि कुमारी, रमेश मुर्मू, सुखलाल लियांगी और फैसिलिटेटर उमेश कुमार शामिल थे. टाटा स्टील की ही सीआरई रांची ऑफिस की टीम साहजेधर ने भी पार एक्सीलेंस अवार्ड जीता. इस टीम में फैसिलिटेटर अमृतांशु के अलावा सूरज कुमार शर्मा, बीरेंद्र कुमार सिंह, नरेंद्र कुजूर आदि शामिल थे। पार एक्सीलेंस अवार्ड जीतने वाली टीम इंटरनेशनल क्वालिटी सर्किल सम्मेलन में शामिल होने की पात्रता मिल गई.

