
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) में टाटा स्टील के समान कर्मचारियों के यात्रा भत्ता व दैनिक भत्ता (टीए-डीए) में वृद्धि होने जा रहा है. बताया जा रहा है कि कंपनी प्रबंधन तथा टाटा स्टील यूटिलिटिल एंड सर्विसेस श्रमिक यूनियन के बीच लगभग सहमति बन गयी है. टाटा स्टील ने अपने अधिकारियों तथा कर्मचारियों के कंपनी बिजनेस से घरेलू यात्रा के लिए टीए-डीए के साथ मिल्स के भत्तों में 1 जुलाई से वृद्धि लागू कर दिया है. कर्मचारियों की घरेलू यात्रा को तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है. पहली श्रेणी में देश के महानगर शामिल है.
दूसरी श्रेणी में प्रदेशों की राजधानी और तीसरी श्रेणी में छोटे शहर हैं. इन श्रेणियों के आधार पर कंपनी ने कर्मचारियों के लॉजिंग रेट के साथ ही मिल्स और डेली एलाउंसेस की दरों को रिवाइज कर दिया है. महानगरों में लाजिंग की दर 3000 रूपए से बढ़ाकर 4500 प्रतिदिन कर दी गई है, जबकि प्रदेशों की राजधानी में यह दर 2500 की जगह 3500 और छोटे शहरों में दो हजार की जगह तीन हजार कर दिया गया है.
आईएल टू अधिकारियों के होटल किराया में बढ़ोतरी नहीं
इसी तरह से अधिकारियों की घरेलू यात्रा की दरों को रिवाइज किया गया है. यह रिवीजन आईएल 2 से लेकर आईएल 6 तक के अधिकारियों के लिए हुआ है. आईएल टू के अधिकारियों के रहने के दर में कोई बदलाव नहीं किया गया है. ये अधिकारी 5 स्टार होटल में रहने के लिए इन्टाइटल हैं. आईएल थ्री के अधिकारियों के लिए होटल में एक रोज रहने का किराया 8 हजार से बढ़ाकर 10 हजार कर दिया गया है. इसी तरह आईएल फोर, फाइव और सिक्स के अधिकारियों को रोजाना 5 हजार की जगह अब 7 हजार मिलेंगे. ओएल श्रेणी के अधिकारियों प्रतिदिन 4 हजार की जगह 5 हजार रूपए होटल किराया मिलेगा. इन श्रेणियों के डेली एलाउंसेस में भी बढ़ोतरी की गई है.
