
40 साल पार उम्र के कर्मचारी 30 नवम्बर तक इस स्कीम का लाभ ले सकते हैं
साथ ही जॉब फॉर जॉब स्कीम भी, इस स्कीम में आने वाले कर्मियों को मासिक पेंशन भी मिलेगा
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील के ट्यूब डिविजन ने सोमवार को अपने कर्मचारियों के लिए स्पेशल सेपरेशन स्कीम (एसएसएस) को लागू किया. टाटा स्टील के ट्यूब्स डिवीजन में ब्लॉक 3 यानी एनएस 7 से एनएस 9 ग्रेड तक के कर्मचारियों को छोड़कर सभी श्रेणी के कर्मचारियों के लिए प्रबंधन ने स्पेशल सेपरेशन स्कीम यानि एसएसएस लाया है. इस स्कीम के साथ जॉब फॉर जॉब स्कीम को भी शामिल किया गया है. इस स्कीम का लाभ उन्हीं कर्मचारियों को मिलेगा, जिनकी आयु कम से कम 40 वर्ष और न्यूनतम 10 साल की सेवा पूरी की है. इस स्कीम की वैधता 3 नवम्बर से 30 नवम्बर के बीच होगी. इसके बाद कर्मचारियों को इस स्कीम का लाभ नहीं मिलेगा.
क्या है स्कीम
इस स्कीम के तहत 40 से 49 साल तक की उम्र के कर्मचारियों को उनके अंतिम बेसिक और डीए का 100 प्रतिशत, 50 से 54 वर्ष तक की आयु वाले कर्मचारियों को उनके अंतिम बेसिक और डीए का 110 प्रतिशत और 55 से 60 वर्ष तक की आयु वाले कर्मचारियों को उनके अंतिम बेसिक और डीए का 120 प्रतिशत राशि प्रतिमाह उनकी सेवानिवृत्ति की तिथि तक मिलेगी.
आवास रखने की समय सीमा अधिकतम छह साल या 60 साल की उम्र तक रख सकते हैं. कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति की तिथि तक मिलनेवाली मासिक राशि के अलावा उनके अंतिम बेसिक और डीए की छह माह की राशि के बराबर एकमुश्त स्पेशल सेपरेशन लाभ के रूप में उनके इच्छानुसार कभी भी भुगतान किया जाएगा. साथ ही 20000 रूपये का अतिरिक्त लाभ भी दिया जाएगा. कंपनी द्वारा आबंटित क्वार्टर छोड़ने पर अतिरिक्त 18000 रुपए और मिलेगा.
क्वार्टर रखने की स्थिति में क्वार्टर रखने की अधिकतम अवधि 6 वर्षों की होगी. अगर 6 वर्ष से पहले उनका उम्र 60 वर्ष पूरा हो जाता है तो उन्हें क्वार्टर छोड़ना होगा. बताया जा रहा है कि यहां 250 कर्मचारियों को इस स्कीम का लाभ दिलाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके अलावा कर्मचारियों को मेडिकल या मेडिक्लेम का लाभ, पेंशन आदि का लाभ मिलता रहेगा.
जॉब फॉर जॉब स्कीम में पेंशन की सुविधा
जॉब फॉर जॉब स्कीम का लाभ के लिए कर्मचारियों की आयु 59 वर्ष 6 माह तक होनी चाहिए. लेकिन नौकरी छोड़ने की एवज में कर्मचारियों के वार्ड आश्रित की नियुक्ति टाटा स्टील टेक्निकल सर्विसेस लिमिटेड में की जाएगी. नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों को पेंशन दिया जायेगा.
इसके तहत 40 से 49 वर्ष आयु तक के एनएस ग्रेड के कर्मचारियों को 20000 रुपए और ओल्ड ग्रेड के कर्मचारियों को 40000 रुपए, 50 से 54 वर्ष तक की आयु वाले एनएस ग्रेड के कर्मचारियों को 22000 रुपए जबकि ओल्ड ग्रेड के कर्मचारियों को 45000 रुपए तथा 55 से 60 साल तक की आयु वाले एनएस ग्रेड के कर्मचारियों को 25000 रूपये और ओल्ड ग्रेड के कर्मचारियों को 50000 रूपये प्रतिमाह पेंशन के रूप में मिलेगा.

