उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील लिमिटेड के सुरक्षा, अग्निशमन एवं ब्रांड प्रोटेक्शनविभाग द्वारा गुरुवार को दोपहर 12 बजे स्टीलिनियम हॉल जमशेदपुर में पुरस्कार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में संगठन की परि संपत्तियों, संचालन प्रक्रियाओं तथा प्रतिष्ठा की सुरक्षा में विभाग के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया गया.कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीबी सुंदर रामम, उपाध्यक्ष – कॉर्पोरेट सर्विसेज ने सुरक्षा एवं अग्निशमन टीमों की 24×7 प्रतिबद्धता की सराहना की और सभी कर्मचारियों से कार्यस्थल पर सुरक्षित कार्य व्यवहार को प्राथमिकता देने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि सुरक्षा, अग्निशमन एवं ब्रांड प्रोटेक्शन टाटा स्टील के सबसे सशक्त स्तंभों में से एक हैं, जो कर्मचारियों, परिसंपत्तियों तथा संगठन की प्रतिष्ठा की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं. उन्होंने टीम से प्रत्येक स्तर पर उत्कृष्टता स्थापित करने का आह्वान भी किया.
ये थे मौजूद
इस अवसर पर अरविंद कुमार सिन्हा, मुख्य सुरक्षा प्रमुख (टीएसजे एवं आरएम) एवं ब्रांड प्रोटेक्शन, नीरज कुमार सिन्हा, मुख्य सुरक्षा अधिकारी, राजेश चिंतक, सीएचआरओ इंडिया आरएम एवं एनेबलिंग फंक्शंस, संजय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष – टाटा वर्कर्स यूनियन के शहनवाज़ खान, यूनियन कमेटी सदस्य अग्निशमन सेवाएं की गरिमामयी उपस्थिति रही. वक्ताओं ने आपदा एवं संकट प्रबंधन, अग्निशमन सेवाओं द्वारा समय पर जन सहायता तथा ब्रांड प्रोटेक्शन पहलों के माध्यम से नकली एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण में विभाग की भूमिका की सराहना की.
79 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया
इस अवसर पर जमशेदपुर में सुरक्षा एवं अग्निशमन से जुड़े कंपनी तथा सेवा प्रदाता के कुल 79 कर्मचारियों को सुरक्षा संचालन, अपराध नियंत्रण, उत्कृष्ट अग्निशमन सेवाओं तथा अनुशासित आचरण में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया. समारोह में टाटा स्टील तथा उसके सेवा भागीदारों के 500 से अधिक कर्मचारियों ने प्रत्यक्ष रूप से तथा 300 से अधिक कर्मचारियों ने ऑनलाइन भाग लिया.
Related