
उदित वाणी, जमशेदपुर : अधिकारियों की तर्ज पर टाटा स्टील में परफॉर्मेंस सिस्टम फिलहाल लागू नहीं होगा. इंसेंटिव बोनस, वार्षिक बोनस और इंक्रीमेंट के लिए टैलेंट रिव्यू सिस्टम के समान पीएमएस लागू करने की कवायद चल रही थी. लेकिन विरोध के बाद प्रबंधन ने फार्मेट को प्रोफाइल से हटा लिया है. हालांकि बताया गया है कि पीएमएस (परफार्मेस मेजरमेंट सिस्टम) फिलहाल लागू नहीं होगा, लेकिन वर्ष 2027 में यूनियन चुनाव के बाद पीएमएस को लागू करना तय माना जा रहा है. प्रोफाइल में पीएमएस फार्मेट जुड़ने के बाद यूनियन के आधिकारिक व्हाट्सग्रुप पर कमेटी मेंबरों ने इसका विरोध शुरु कर दिया. वर्तमान में 195 कमेटी मेंबरों में से130 कमेटी मंबरों ने इसके लागू होने का विरोध किया. इसे देखते हुए अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने प्रबंधन से इस मुद्दे पर वार्ता की. प्रबंधन ने वार्ता के बाद प्रोफाइल को पोर्टल से हटा लिया.
पीएमएस का क्यों है विरोध
इस सिस्टम के लागू होने पर अधिकारियों की तरह कर्मचारियों के भी प्रदर्शन का वार्षिक मूल्यांकन होगा. इस मूल्यांकन के आधार पर ही उनका इंसेंटिव बोनस, वार्षिक बोनस, व्यक्तिगत सालाना इंक्रीमेंट आदि तय होगा. साथ ही कर्मचारियों की छंटनी पर भी प्रभावित करेगा. कर्मचारियों के लिए कोई ईएसएस या इसकी जैसी कोई स्कीम प्रबंधन को लाने की जरुरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि कर्मचारियों को वे वार्षिक परफार्मेंस के आधार पर छंटनी कर सकेंगे. जैसा कि टैलेंट रिव्यू के तहत अधिकारियों को हटाने का प्रावधान है.

