
उदित वाणी, गुवाहाटी : टाटा स्टील ने आज असम में दो महत्वपूर्ण उपलब्धियों के साथ भारत के निर्माण क्षेत्र में एक नया अध्याय जोड़ा – पहली मोबाइल बोर पाइल केज मशीन का शुभारंभ और गुवाहाटी में एक पूर्णतः स्वचालित कंस्ट्रक्शन सर्विस सेंटर का उद्घाटन.
टीजेके इंडिया के सहयोग से विकसित मोबाइल बोर पाइल केज मशीन का अनावरण असम में टाटा सेमिकंडक्टर असेंबली और टेस्ट प्लांट साइट पर किया गया. यह अग्रणी मोबाइल समाधान बड़े पैमाने के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के लिए साइट-आधारित रिइनफोर्समेंट निर्माण के नए युग की शुरुआत है. इसका उद्देश्य उत्पादकता को बेहतर बनाना, लागत और श्रम प्रयास को कम करना और परियोजना के अनुसार अत्यधिक सटीक कस्टमाइज्ड समाधान प्रदान करना है – खासकर उन क्षेत्रों में जहां कठिन भूभाग और जटिल लॉजिस्टिक्स प्रमुख चुनौती हैं.

टाटा स्टील ने गुवाहाटी में अपने पहले पूर्णतः स्वचालित कंस्ट्रक्शन सर्विस सेंटर का भी उद्घाटन किया, जिसे चैनल पार्टनर, एसएम कॉरपोरेशन लिमिटेड के सहयोग से स्थापित किया गया है. यह अत्याधुनिक सुविधा प्रति माह 2,000 टन (TPM) की उत्पादन क्षमता रखती है और कस्टमाइज्ड रिइनफोर्समेंट उत्पाद एवं समाधान प्रदान करेगी.
प्रारंभ में टिस्कॉन रेडिबिल्ड पर ध्यान केंद्रित करते हुए – प्री-इंजीनियर्ड कट एंड बेंड टाटा तिस्कॉन TMT रिबार्स, कप्लर थ्रेडिंग के साथ. सेंटर अपने डाउनस्ट्रीम समाधान पोर्टफोलियो का विस्तार करके वेल्डेड वायर मेष जैसी सेवाओं को भी शामिल करने की योजना बना रहा है, जिससे यह एक संपूर्ण, वन-स्टॉप कंस्ट्रक्शन सर्विस हब के रूप में स्थापित हो सके.
कंस्ट्रक्शन सर्विस सेंटर के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए, टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट – लॉन्ग प्रोडक्ट्स, आशीष अनुपम ने कहा: “असम में इस मोबाइल बोर पाइल केज मशीन का लॉन्च भारत के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में बुनियादी अवसंरचना मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो अपनी संभावनाओं के बावजूद निर्माण के लिए चुनौतीपूर्ण माना जाता है. हमारी गुवाहाटी कंस्ट्रक्शन सर्विस सेंटर द्वारा समर्थित यह पहल क्षेत्र के लिए नवोन्मेषी और मूल्य-वर्धित निर्माण समाधानों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है.”
इस अवसर को यादगार बनाने के लिए, टाटा स्टील ने गुवाहाटी में ए ई सी (आर्किटेक्चर, इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन) समुदाय के लिए ‘कन्वर्स टू कंस्ट्रक्ट’ बैठक का आयोजन भी किया. इस कार्यक्रम में इंफ्रास्ट्रक्चर, हाउसिंग और इंडस्ट्रियल सेक्टर के 100 से अधिक ग्राहक और सलाहकार उपस्थित थे. कार्यक्रम में श्री सतीश पांडे, प्रिंसिपल साइंटिस्ट एवं प्रोजेक्ट लीडर, सीएसआईआर -सेन्ट्रल रोड रिसर्च इंस्टिट्यूट (भारत सरकार) ने भी अपने विचार साझा किए और सड़क निर्माण में नई तकनीकों पर प्रेरक प्रस्तुति दी.
दिसंबर 2024 में, टाटा स्टील ने राजस्थान के जयपुर में इसी तरह का एक पूर्णतः स्वचालित कंस्ट्रक्शन सर्विस सेंटर उद्घाटित किया था. गुवाहाटी की यह सुविधा टाटा स्टील के भारत भर में 31 डिजिटल रूप से जुड़े, पूर्णतः स्वचालित रिइनफोर्समेंट सॉल्यूशन सर्विस सेंटरों के लगातार बढ़ते नेटवर्क का हिस्सा है.
ये सभी सेंटर मिलकर उपयोग के लिए तैयार रिइनफोर्समेंट सॉल्यूशंस में साल-दर-साल 33% की वृद्धि को गति दे रहे हैं. अत्याधुनिक स्वचालित मशीनरी से लैस, ये सुविधाएं अपने सेवा और उत्पाद पोर्टफोलियो का निरंतर विस्तार कर रही हैं, जिसमें कट-एंड-बेंड सेवाएं, इंजीनियर्ड मेष, रिबार थ्रेडिंग और बोर पाइल केज शामिल हैं — और इस तरह पूरे देश में निर्माण प्रक्रियाओं को एक नया रूप दे रही हैं.

