
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील ने बुधवार को सतत संचालन की दिशा में अपनी यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की, जब वेस्ट बोकारो स्थित कोल बेनेफिसिएशन प्लांट के वॉशरी नंबर 3 परिसर में अपने पहले इलेक्ट्रिक ट्रक का शुभारंभ किया. यह पहल कंपनी के रॉ मेटेरियल डिविजन के लिए पहली उपलब्धि है, जो वर्ष 2045 तक नेट जीरो उत्सर्जन के लक्ष्य को प्राप्त करने के प्रति टाटा स्टील की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है.
64 टन कार्बन डाईऑक्साइड में कमी होगी
यह इलेक्ट्रिक ट्रक मॉन्ट्रा इलेक्ट्रिक और टायकून इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के साथ किए गए रणनीतिक सहयोग का परिणाम है, जो भारी उद्योग क्षेत्र में स्वच्छ, हरित और सतत भविष्य के साझा संकल्प को दर्शाता है.यह ट्रक पूर्णतः शून्य उत्सर्जन के साथ संचालन के लिए तैयार किया गया है, जिससे प्रतिवर्ष लगभग 64 टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आएगी. इसका पर्यावरणीय लाभ प्रति वाहन लगभग 3,000 पेड़ लगाने के बराबर है. आने वाले महीनों में टाटा स्टील इसके प्रदर्शन का गहन परीक्षण करेगी और इसके परिणामों के आधार पर अन्य परिचालन क्षेत्रों में इसे चरणबद्ध रूप से लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाएगी.
गर्व का पल
टाटा स्टील, वेस्ट बोकारो डिविजन के चीफ, कोल बेनेफिसिएशन बीवी सुधीर ने कहा कि “यह हमारे वेस्ट बोकारो डिविजन और पूरी रॉ मैटेरियल डिवीजन टीम के लिए वास्तव में गर्व का क्षण है. इलेक्ट्रिक ट्रकों को शामिल करना हमारे मुख्य संचालन में सस्टेनेबिलिटी को बढ़ावा करने की दिशा में एक ठोस कदम है, जो हमें कार्बन उत्सर्जन को कम करने में मदद करता है और भारत को कम-कार्बन औद्योगिक इकोसिस्टम की ओर बढ़ने में समर्थन देता है.”
उदघाटन समारोह में ये थे मौजूद
उदघाटन समारोह में कई महत्वपूर्ण गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें रंजन कुमार सिन्हा, चीफ प्रोक्योरमेंट ऑफिसर, टाटा स्टील, संजय राजोरिया, जेनरल मैनेजर (कोल), टाटा स्टील, मुज़फ्फर शाह, चेयरमैन, टाइकून इंडस्ट्रीज प्रा. लि., अरविंद मोहन सिंह, नेशनल हेड, मॉन्ट्रा इलेक्ट्रिक, मोहन महतो, प्रेसिडेंट, राष्ट्रीय कोलियरी मज़दूर यूनियन वेस्ट बोकारो और डॉ. योगेंद्र सिंह, सचिव, राष्ट्रीय कोलियरी मज़दूर यूनियन वेस्ट बोकारो शामिल थे. टाटा स्टील की ओर से उपस्थित अन्य प्रमुख लोगों में अशुतोष कुमार पांडेय, चीफ, कोल बेनेफिसिएशन (डेज़िग्नेट), वेस्ट बोकारो डिवीजन; मजहर अली, चीफ, इंजीनियरिंग और सर्विसेज, वेस्ट बोकारो डिवीजन; शांतनु वर्मा, चीफ, प्रोक्योरमेंट लॉजिस्टिक्स; विभिन्न विभागों के हेड, कार्यकारी अधिकारी, वेंडर पार्टनर्स के प्रतिनिधि और यूनियन सदस्य शामिल थे.

