
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील यूआईएसएल ने जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी के सहयोग से “वन डे, वन ऑवर, वन टुगेदर” पहल के तहत एक बड़े पैमाने पर स्वच्छता अभियान आयोजित किया. यह अभियान दोमुहानी घाट जमशेदपुर में आयोजित किया गया, जिसमें 200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. इसमें नागरिक, छात्र, स्वयंसेवी, एनजीओ, मीडिया पार्टनर, सामाजिक कार्यकर्ता और ब्रांड एंबेसडर शामिल थे. प्रमुख हिस्सेदारों में एनजीओ स्वच्छता पुकारे, सामाजिक कार्यकर्ता, टीयूआईएसएल के पब्लिक हेल्थ विभाग, जेएनएसी के अधिकारी, छात्र और स्थानीय निवासी शामिल थे, जिन्होंने मिलकर सफाई में सक्रिय योगदान दिया.सिर्फ एक घंटे में 7 टन से अधिक कचरा एकत्र किया गया. प्लॉग रन और सामूहिक श्रमदान के माध्यम से घाट को साफ और स्वागत योग्य बनाया गया.
गीले और सुखे कचरे को अलग करने के बारे में फैलाई गई जागरूकता
इस कार्यक्रम में गीले और सूखे कचरे का प्रतीकात्मक पोशाक पहनकर स्रोत पर कचरा पृथक्करण के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाई गई. एकत्रित कचरे को नजदीकी मेटीरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) में सुरक्षित रूप से पुनर्चक्रण और उचित निपटान के लिए भेजा गया.
कार्यक्रम का समापन नदी के किनारे मानव श्रृंखला बनाकर किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने जमशेदपुर की जलधाराओं को साफ रखने का संकल्प लिया. इस पहल ने शहर की स्वच्छता और पर्यावरणीय जिम्मेदारी के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया.

