
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील के मेन गेट पर स्थित इंटीग्रेटेड रिमोट ऑपरेशन कंट्रोल (आइआरओसी) में शुक्रवार को एक नई, अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस वातानुकूलित कैंटीन का उद्घाटन किया गया. इस कैंटीन की मांग वहां कार्यरत कर्मचारियों के हित में यूनियन द्वारा लंबे समय से की जा रही थी, जिसे प्रबंधन ने स्वीकार करते हुए यह अत्याधुनिक कैंटीन का निर्माण कराया. इस कैंटीन से सिंटर प्लांट, पैलेट प्लांट और कोक प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों को लाभ मिलेगा, जो आइआरओसी के माध्यम से इन संयंत्रों का संचालन करते हैं.
कैंटीन का उद्घाटन टाटा स्टील जमशेदपुर ऑपरेशन्स के उपाध्यक्ष चैतन्य भानु और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने किया. इस अवसर पर टाटा वर्कर्स यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह, उपाध्यक्ष संजय सिंह, चीफ मुकेश अग्रवाल, अग्लोमरेट विभाग के चीफ सुरजीत सिंह, सिंटर प्लांट के चीफ प्रदीप चौधरी, सिंटर प्लांट जेडीसी चेयरमैन भोला सिंह एवं यूनियन कमेटी सदस्यों में अरुण श्रीवास्तव, संतोष पांडेय, रिंकू कुमार और अनिल प्रसाद विशेष रूप से उपस्थित थे.
