
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील के एचएसएम में फ्लैट प्रोडक्ट के वेंडर इंप्लाइज तथा स्थायीकर्मियों की सेफ्टी को लेकर बुधवार को ज्वाइंट मास सेफ्टी कम्युनिकेशन मीटिंग का आयोजन किया गया. इस मीटिंग के मुख्य अतिथि के रुप में कंपनी के उपाध्यक्ष (ऑपरेशंस) चैतन्य भानु थे. उन्होंने अपने संबोधन में कर्मचारियों से दो टूक कहा कि सेफ्टी से किसी प्रकार का समझौता नहीं करें. अगर कोई काम अनसेफ लगे तो उसे तुरंत बंद कर दें. अनसेफ काम नहीं करें.
कोई भी व्यक्ति अनसेफ काम करने के लिए कहता है तो उनकी बातों को नहीं मानें. इस मीटिंग में कर्मचारियों के लिए खुला सत्र का भी आयोजन किया गया. वेंडर इंप्लाइज ने बस के ठहराव को लेकर सवाल किए. इन ठेकाकर्मियों का कहना था कि बस का नंबर नहीं होने के कारण परेशानी होती है. बस का रुट मालूम नहीं होने के कारण काम पर पहुंचने में विलंब होता है. बस का नंबर तथा उसके रुट का डिस्प्ले होना चाहिए. हालांकि प्रबंधन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए जवाब दिया कि कई मामलों को ठीक कर लिया गया है.
डिस्प्ले पर काम चल रहा है. इसके अलावा भी कई मुद्दे उठाये गये. बैठक सुबह 8.30 बजे से करीब सवा घंटे तक चली. मीटिंग में करीब 800 कर्मचारी शामिल हुए. मीटिंग में प्रबंधन की ओर से चीफ अनिल पुजारी, पीएस गणेश, सेफ्टी चीफ नीरज कुमार सिन्हा तथा यूनियन से अध्यक्ष संजीव चोधरी, महासचिव सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह, उपाध्यक्ष राजीव चौधरी, अजय चौधरी, अजय मिश्रा, राकेश कुमार,अभिनंदन समेत विभागीय कमेटी मेंबर शामिल हुए.

