
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील खेल विभाग ने 24 एवं 25 जनवरी 2026 को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित टेबल टेनिस प्रशिक्षण केंद्र में प्रथम अंतर-कॉरपोरेट टेबल टेनिस चैम्पियनशिप का सफलतापूर्वक आयोजन किया. इस टूर्नामेंट का उद्देश्य जमशेदपुर की कॉरपोरेट संस्थाओं के बीच खेल संस्कृति को बढ़ावा देना था, साथ ही यह जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में समुदाय के लिए उपलब्ध विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का प्रदर्शन भी था.फाइनल एवं पुरस्कार वितरण समारोह 25 जनवरी 2026 को आयोजित किया गया.
इस अवसर पर सुवब्रत दत्ता, क्षेत्रीय प्रबंधक, आईसीआईसीआई बैंक, जमशेदपुर, ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई. वहीं मुकुल विनायक चौधरी, चीफ स्पोर्ट्स, टाटा स्टील एवं सीईओ, जमशेदपुर एफसी, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. कैप्टन मनीष सिन्हा, प्रमुख – खेल (इवेंट्स एवं प्रशिक्षण केंद्र), टाटा स्टील, भी मंचासीन थे. कड़े मुकाबले वाले फाइनल में टाटा स्टील ने टाटा मोटर्स को 3–2 से पराजित कर चैम्पियनशिप खिताब अपने नाम किया. वहीं टाटा पावर ने प्ले-ऑफ मुकाबले में राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) को 3–1 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया.इस चैम्पियनशिप में जमशेदपुर स्थित विभिन्न संगठनों की कुल नौ टीमों ने भाग लिया, जो कॉरपोरेट खेल समुदाय में उत्साह और सक्रिय सहभागिता को दर्शाता है.

