
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील लिमिटेड ने अपने स्थायी ब्लू-कॉलर कर्मचारियों के लिए शाम की डिप्लोमा कोर्स की शुरुआत की है. लर्निंग एंड डेवलपमेंट विभाग ने इस कोर्स के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं, जो कर्मचारियों को उनके करियर में आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा. यह कोर्स विशेष रूप से उन कर्मचारियों के लिए डिजाइन किया गया है जो अपनी योग्यता को बढ़ाना चाहते हैं और कंपनी के आंतरिक अवसरों का लाभ उठाना चाहते हैं.
डिसिप्लीन- टाटा स्टील के सभी विनिर्माण संयंत्रों में मेकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और मेटलर्जी डिसिप्लिन उपलब्ध हैं. वहीं, सभी खदानों में मेकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, माइनिंग और मिनरल बेनिफिशिएशन के विकल्प हैं.
अवधि: 2 वर्ष 6 महीने (5 सेमेस्टर)
कोर्स का प्रकार, स्थान और समय: यह एक गैर-आवासीय प्रमाणपत्र कोर्स है. कक्षाएं निकटतम प्रशिक्षण केंद्रों या ऑनलाइन आयोजित की जाएंगी, जिसमें ई-लर्निंग का भी हिस्सा होगा. कक्षाएं सोमवार से शनिवार तक शाम के समय होंगी और मूल तथा दोहराव वाली कक्षाएं साप्ताहिक आधार पर होंगी.
न्यूनतम योग्यता और अनुभव: मैट्रिकुलेशन (अंग्रेजी, विज्ञान और गणित के साथ). एनएसी (टीए या आईटीआई + एक वर्ष अप्रेंटिस) या टीजेटीएस पासआउट के लिए एक फरवरी 2026 तक टाटा स्टील में 2 वर्ष का स्थायी अनुभव. गैर-एनएसी/गैर-टीजेटीएस के लिए 4 वर्ष का अनुभव.
आयु सीमा: 1 फरवरी 2026 तक 45 वर्ष या उससे कम
कर्मचारियों को लाभ: कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने पर कर्मचारी की योग्यता को मेकेनिकल, इलेक्ट्रिकल या मेटलर्जी इंजीनियरिंग डिप्लोमा के समकक्ष माना जाएगा. इससे वे कंपनी के उन पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे, जहां डिप्लोमा न्यूनतम योग्यता है. कोर्स पूरा होने पर प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा.
चयन प्रक्रिया: लिखित परीक्षा के आधार पर, जो मर्सर मेटल प्लेटफॉर्म पर आयोजित होगी. परीक्षा में 50 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, जिनकी अवधि 60 मिनट होगी. नेगेटिव मार्किंग (+3 सही उत्तर के लिए, -1 गलत के लिए) लागू होगी.
परीक्षा पैटर्न: प्रश्न टीक्यूएम और सुरक्षा (टाटा स्टील स्टैंडर्ड), भौतिकी, रसायन, गणित (कक्षा 8, 9 और 10 एनसीईआरटी स्तर), तथा ट्रेड थ्योरी (टीए/आईटीआई प्रशिक्षण/माइनिंग बेसिक/मिनरल बेनिफिशिएशन बेसिक) से पूछे जाएंगे.
आवेदन करने के लिए कर्मचारी इंट्रानेट लिंक https://irisapp.corp.tatasteel.com/recruit/EveningDiploma.aspx या इंटरनेट लिंक https://tstlhr.tatasteel.co.in/recruit/EveningDiploma.aspx पर क्लिक कर फॉर्म भर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तिथि 7 मार्च 2026 है.

