
उदित वाणी, जमशेदपुर : वैश्विक कारोबार को पूरी तरह डिजिटल और सस्टेनेबल बनानेकी दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए टाटा स्टील ने कोयले के अपने पहले आयात शिपमेंट को इलेक्ट्रॉनिक बिल ऑफ लैडिंग के माध्यम से सफलतापूर्वक संपन्न किया है. यह पारंपरिक कागजी दस्तावेज़ का डिजिटल संस्करण है, जो वैश्विक शिपिंग में उपयोग होता है और इसे बैंक से पूरी तरह जोड़ा गया है.इस महत्वपूर्ण ट्रांजेक्शन के तहत ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड से ओडिशा के धामरा पोर्ट, भारत तक कोयले का आयात किया गया. यह टाटा स्टील का पहला पेपरलेस आयात लेन-देन है, जो पूरी तरह से डिजिटल प्रक्रियाओं द्वारा समर्थित लेटर ऑफ क्रेडिट के अंतर्गत किया गया है. इस सफल लेन-देन में टाटा स्टील इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक, टीएस ग्लोबल प्रोक्योरमेंट, स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक (सिंगापुर) और डिजिटल प्लेटफॉर्म प्रदाता आईसीई डिजिटल ट्रेड के ईबीएल समाधान के बीच उत्कृष्ट समन्वय रहा.
स्मार्ट और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में कदम-गुप्ता
टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (टीक्यूएम, जीएसपी और सप्लाई चेन) पीयूष गुप्ता ने कहा कि यह हमारी सप्लाई चेन को अधिक स्मार्ट और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है. ई बिल को अपनाकर हम पारंपरिक बाधाओं को दूर कर रहे हैं और वैश्विक स्तर पर माल परिवहन के एक नए मानक की स्थापना कर रहे हैं. यह हमारी उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसमें हम एक ऐसी सप्लाई चेन बनाना चाहते हैं जो न केवल कुशल और सुरक्षित हो, बल्कि पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार भी हो.
महत्वपूर्ण उपलब्धि-संदीप भट्टाचार्या
टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (फाइनेंशियल कंट्रोल एवं बिज़नेस एनालिटिक्स) संदीप भट्टाचार्य ने कहा कि बैंकों और डिजिटल दस्तावेज़ों का यह सफल एकीकरण ट्रेड फाइनेंस के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. इससे दस्तावेजों तक तेज़ पहुंच संभव होती है, कार्यकुशलता बढ़ती है और अनुपालन का स्तर भी ऊंचा होता है, जो किसी आधुनिक वित्तीय प्रणाली के लिए आवश्यक है.
इससे दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया तेज होगी
भौतिक कूरियर सेवाओं और कागजी कार्यवाही की आवश्यकता को समाप्त करके यह नई प्रणाली दस्तावेज़ीकरण की प्रक्रिया को काफी तेज कर देती है, जोखिमों को कम करती है औरटाटा स्टील की डिजिटलीकरण एवं पर्यावरणीय सस्टेनेबिलिटी की दिशा में की जा रही पहल को सशक्त बनाती है.सस्टेनेबल सप्लाई चेन की दिशा में अग्रणी रहते हुए टाटा स्टील पहले से ही कम उत्सर्जन वाले जहाजों का उपयोग कर रही है और आयात शिपमेंट के लिए बायोफ्यूल एवं एलएनजी संचालित जहाजों का उपयोग लगातार बढ़ा रही है. अब ईबिल की शुरुआत कंपनी के पर्यावरण जागरूक और भविष्य के लिए तैयार बिजनेस के तौर-तरीकों को और मजबूती देती है. उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2021 में टाटा स्टील ने वैश्विक इस्पात उद्योग में पहला ब्लॉकचेन-सक्षम पेपरलेस कारोबार लेन-देन सफलतापूर्वक संपन्न किया था, जिसमें संयुक्त अरब अमीरात के एक ग्राहक को इस्पात का निर्यात किया गया था. उसी वर्ष नवंबर में कंपनी ने बांग्लादेश की एक प्रमुख मेटल कंपनी के साथ भी एक ब्लॉकचेन-सक्षम पेपरलेस निर्यात ऑर्डर को सफलतापूर्वक अंजाम दिया.

