
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील ने शुक्रवार 20 जून को अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म डीजी ईसीए (DigECA) के नए और उन्नत संस्करण को लांच किया, जिसकी पहुंच अब चैनल पार्टनर्स से आगे बढ़कर सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) तक कर दी गई है. इन ग्राहकों को टाटा स्टील द्वारा इमर्जिंग कॉरपोरेट अकाउंट्स (ईसीए) के रूप में पहचाना गया है.डीजी ईसीए एक क्रांतिकारी बीटूएमएसएमई ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म है, जिसे खास तौर पर ईसीए ग्राहकों की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है. यह प्लेटफॉर्म एमएसएमई को टाटा स्टील से सीधे, तेज़, पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से लेन-देन करने की सुविधा देता है. साथ ही यह उन्हें बेहतरीन गुणवत्ता वाले उत्पादों और सेवाओं के साथ एक डिजिटल अनुभव भी प्रदान करता है.
पारदर्शी और निर्बाध सेवा मिलेगी
टाटा स्टील के बीटूसी ई-कॉमर्स पोर्टल ‘आशियाना’ की सफलता के आधार पर डीजी ईसीए अब ईसीए ग्राहकों के लिए ग्राहक यात्रा में एक क्रांति लाने की परिकल्पना करता है. यह प्लेटफॉर्म मुख्य रूप से फ्लैट प्रोडक्ट्स जैसे टाटा एस्ट्रम, टाटा स्टीलियम और गैल्वानो पर केंद्रित है और एमएसएमई ग्राहकों को टाटा स्टील व उसके चैनल पार्टनर्स के साथ एक निर्बाध, पारदर्शी और डिजिटल खरीदारी अनुभव प्रदान करता है. डीजी ईसीए का उद्देश्य न केवल लेन-देन को आसान बनाना है, बल्कि ग्राहकों को प्रोडक्ट चयन से लेकर डिलीवरी तक हर चरण में भरोसेमंद सहयोग देना है.
दो हजार से अधिक ग्राहक
वित्त वर्ष 25 की चौथी तिमाही में पायलट लांच के बाद से डीजी ईसीए ने जबरदस्त रफ्तार से प्रगति की है. अब तक 2,000 से अधिक ईसीए ग्राहकों ने प्लेटफॉर्म से जुड़कर इसका लाभ उठाया है और प्लेटफॉर्म ने अपने ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू (जीएमवी) में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं. यह अभूतपूर्व वृद्धि टाटा स्टील की उस प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है, जिसमें ग्राहकों को हर चरण में पारदर्शिता, भरोसा और सुविधा प्रदान करना प्राथमिकता है.चाहे वह सामग्री की उपलब्धता की स्पष्ट जानकारी हो, ऑर्डर की रीयल-टाइम ट्रैकिंग या पूरे इनक्वायरी से लेकर डिलीवरी और उसके बाद की सेवा तक का अनुभव हो.
डिजिटल नवाचार के जरिए सेवा को बेहतर करने की कोशिश
टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट ( मार्केटिंग एवं सेल्स फ्लैट प्रोडक्ट्स), प्रभात कुमार ने कहा कि टाटा स्टील में हम डिजिटल नवाचार के माध्यम से ग्राहक संतुष्टि को लगातार बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. ईसीए ग्राहकों के लिए डीजी ईसीए के लांच के साथ हम स्टील खरीद प्रक्रिया को और अधिक सरल, पारदर्शी और कुशल बना रहे हैं. साथ ही ग्राहकों का सीधा जुड़ाव टाटा स्टील से और मजबूत कर रहे हैं. यह प्लेटफॉर्म ग्राहकों और हमारे डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के बीच बेहतर समन्वय और प्रभावी संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है, ताकि हम बदलते बाजार की जरूरतों के अनुरूप अपने उत्पाद और सेवाएं और बेहतर तरीके से पेश कर सकें.डीजी ईसीए के माध्यम से टाटा स्टील एक बार फिर यह साबित करती है कि तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में उसकी गहरी विशेषज्ञता ग्राहक अनुभव को एक नई ऊंचाई तक ले जाने में सक्षम है. यह प्लेटफॉर्म न केवल सुविधा और दक्षता का प्रतीक है, बल्कि एक समृद्ध और उन्नत भविष्य की नींव भी रखता है. कंपनी का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि उसके ईसीए ग्राहक न केवल सशक्त महसूस करें, बल्कि उनके व्यवसायिक लक्ष्यों की दिशा में इस साझेदारी को मूल्यवान और प्रेरणादायी अनुभव के रूप में देखें.

