
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा पावर कंपनी लिमिटेड (टाटा पावर) की सहायक कंपनी टाटा पावर रिन्यूएबल इनर्जी लिमिटेड (टीपीआरईएल) ने 838 मेगावाट की संयुक्त क्षमता वाले पवन टरबाइन जनरेटरों की आपूर्ति के लिए सुजलॉन समूह (सुजलॉन) के साथ एक करार किया है.
ये टर्बाइन टीपीआरईएल की विभिन्न राज्यों में विभिन्न परियोजनाओं को सहायता प्रदान करेंगे, जिन्हें अगले कुछ वर्षों में पूरा किया जाना है. यह साझेदारी भारत के नवीकरणीय ऊर्जा परिवर्तन में एक अग्रणी के रूप में टीपीआरईएल की स्थिति को सुदृढ़ करती है, जो 2030 तक देश के 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता तक पहुंचने के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.
टीपीआरईएल के पास 3.9 गीगावाट से अधिक का पवन ऊर्जा पोर्टफोलियो है, जिसमें से 1 गीगावाट से अधिक क्षमता चालू है और शेष क्षमता राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु में विकास के विभिन्न चरणों में है. इस समझौते के तहत एक प्रमुख नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी, सुजलॉन, पवन ऊर्जा क्षेत्र में अपनी व्यापक विशेषज्ञता का लाभ उठाते हुए इन परियोजनाओं के लिए एक व्यापक समाधान प्रदान करेगी.
