
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा पावर की एक सहायक कंपनी मैथन पावर लिमिटेड (एमपीएल) ने कौशल विकास और सामुदायिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लोक भारती एजुकेशन सोसायटी केसाथ साझेदारी में, निरसा धनबाद में एक व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया है. इसमें 30-35 गांवों के 300 युवाओं को 100 फीसदी निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा.
यह पहल भारत सरकार के कार्यक्रम – स्किल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत मिशन के अनुरूप है, जिसमें युवाओं को सम्मानजनक नौकरियों और आत्मनिर्भर भविष्य के लिए रोज़गारपरक कौशल से लैस किया जाता है और साथ ही ग्रामीण प्रतिभाओं और उद्योग की आवश्यकताओं के बीच के अंतर को दूर किया जाता है. यह व्यावसायिक प्रशिक्षण पहल टाटा पावर की सकारात्मक कार्रवाई नीति का हिस्सा है.
इस नीति में टाटा पावर का उद्देश्य सामाजिक समानता को बढ़ावा देना और ऐसे अवसर पैदा करना है जो समाज के सामाजिक और आर्थिक रूप से वंचित वर्गों – विशेष रूप से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, विकलांग व्यक्तियों और गरीब समुदायों की महिलाओं को सक्षम और सशक्त बनाते हैं.केंद्र का औपचारिक उद्घाटन अंशुमान चक्रवर्ती,चीफ फाइनेंसियल ऑफिसर, एमपीएल, श्रीमती जयंश्री चौधरी, हेड – सीएंडएम, एमपीएल, मृत्युंजय रे, हेड, सीएसआर, एमपीएल और एमपीएल सीएसआर टीम के सदस्यों द्वारा किया गया. यह केंद्र समुदाय कोसाथ लेकर विकास और समावेशी विकास पर कंपनी के फोकस को दर्शाता है.

