
जल्द होगा बोनस, प्रबंधन के साथ वार्ता में नियोजन पर भी जोर
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि सालाना बोनस को लेकर प्रबंधन के साथ वार्ता जारी है. यूनियन की कोशिश है कि समय पर बोनस हो. टाटा मोटर्स के कई प्लांट में बोनस हो चुका है. ऐसे में हमारी भी कोशिश है कि समय पर बोनस हो. महामंत्री, बुधवार को टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की कमेटी मीटिंग को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि वार्ता में आप सबों के सुझावों का ध्यान रखा जा रहा है. अप्रेंटिस में बहाली एवं सेवानिवृत्ति के हिसाब से स्थायीकरण हो, इस सुझाव पर भी निश्चित रूप से ध्यान दिया जाएगा. मुझे खुशी है कि आप सब यूनियन की गरिमा बनाए रखने के लिए हमेशा सजग रहते हैं. ग्रेड और बोनस समय पर हो, यह यूनियन की जिम्मेदारी है. परन्तु कभी – कभी वार्ता के दौरान मजदूरहित में सही समझौता नहीं होने की स्थिति में विलंब भी होता है. इसके लिए भी हमें मानसिक रूप से तैयार रहना होगा. उन्होंने कहा कि जो हमारे मजदूर भाई नौकरी के लिए प्रतीक्षारत है उनका नियोजन कैसे हो? इन तमाम बातों पर प्रबंधन के साथ हमारी वार्ता हो रही है.
डेटा के साथ बात करता है प्रबंधन
महामंत्री ने बताया कि वार्ता में प्रबंधन की तरफ से जो लोग बैठते हैं वो डाटा लेकर बैठते हैं. जब कोई बात रखा जाता है प्रबंधन के लोग एक डाटा निकालकर सामने रख देते हैं. इस सबके बावजूद तमाम पहलुओं पर ध्यान रखते हुए जो उचित और अधिक से अधिक मजदूर हित में निर्णय होगा, वहीं यूनियन करेगी. उन्होंने कहा कि अप्रेंटिस के माध्यम से नियोजन का जो रास्ता बनाया गया है वह बहुत अच्छा रास्ता है. उसमें और सुधार कैसे हो इस पर कोशिश जारी रहेगी.
कमेटी मेंबरों ने महामंत्री पर भरोसा जताया
बैठक में उपस्थित तमाम लोगों ने महामंत्री के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि यूनियन की तरफ से महामंत्री प्रबंधन के साथ जो वार्ता करेंगे वह मजदूरों के लिए हितकर होगा. बैठक को अनिल शर्मा, एचएस सैनी, अजय भगत, एसएन सिंह ने भी संबोधित किया. बैठक की अध्यक्षता यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने की. बैठक का संचालन अशोक उपाध्याय और धन्यवाद ज्ञापन एसएन सिंह ने किया.

