
* 2700 में 1675 बाई सिक्स कर्मियों का हुआ स्थायीकरण
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स प्रबंधन ने हाई कोर्ट के आदेश के आलोक में गत 25 जनवरी 2024 को हुए त्रिपक्षीय समझौते के तहत शुक्रवार 27 जून को सातवें चरण के तौर पर और 225 बाई सिक्स कर्मियों को स्थायीकरण का तोहफा दिया. इस तरह 2700 बाई सिक्स कर्मियों में से 1675 कर्मियों को स्थायीकरण का तोहफा मिल चुका है. अब केवल 1025 बाई सिक्स रह गये हैं, जिन्हें स्थायी किया जाना बाकी है. जून 2026 तक टाटा मोटर्स में बाई सिक्स कर्मियों के युग का समापन हो जाएगा. टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि हमारी कोशिश रहेगी, जल्दी से बाकी बचे बाई सिक्स कर्मियों का भी स्थायीकरण हो. स्थायीकरण की अगली सूची दुर्गा पूजा के समय होगी, हम कोशिश करेंगे कि उस सूची में 225 से ज्यादा स्थायीकरण हो.
सातवीं सूची में भी 225 के नाम
छठें चरण की सूची को लेबर ब्यूरो के सूचना पट पर चिपका दिया गया है. स्थायी होने वाले बाई सिक्स कर्मियों का मेडिकल 3 जुलाई से लेकर 2 अगस्त के बीच होगा. यूनियन की कोशिश है कि समझौते से ज्यादा बाई सिक्स कर्मियों को स्थायी किया जाय, ताकि जितनी जल्द हो बाई सिक्स कर्मियों को स्थायी किया जा सके. सूची में शामिल कर्मियों को मेडिकल टेस्ट के एक दिन पहले अपने सारे दस्तावेज के साथ लेबर ब्यूरो से संपर्क करना है. मेडिकल टेस्ट के लिए ए शिफ्ट में काम करने वाले बी शिफ्ट में और बी शिफ्ट में काम करने वाले ए शिफ्ट में संपर्क करेंगे. टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने स्थायी होने वाले सभी कर्मचारियों को बधाई दी है. सिंह ने कहा कि जिन मजदूर भाईयों का परमानेंट होने वाले लिस्ट में नाम है वो नोटिस में दिए गए निर्देशों के अनुसार ससमय लेबर ब्यूरो में रिपोर्ट करें. यदि किन्हीं को कोई परेशानी अथवा संबंधित विषय में कोई पूछताछ करनी हो तो यूनियन कार्यालय में आकर संपर्क कर सकते हैं.
कर्मियों को ये दस्तावेज साथ लाना है
1. हालिया चार पासपोर्ट साइज फोटो, जिसका बैकग्राउंड रेड हो.
2. पैन कार्ड
3. बैंक पासबुक
4. यूएएन सर्विस हिस्ट्री
5. शैक्षणिक डिग्री के सारे प्रमाण पत्र

