
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स उत्कर्ष छात्रवृत्ति सम्मान कार्यक्रम लिटिल फ्लावर स्कूल के सभागार में बुधवार को आयोजित हुआ. कार्यक्रम के दौरान 246 छात्राओं को उत्कर्ष सम्मान मिला. इसके तहत 25000 तक की राशि प्रत्येक लाभार्थी छात्राओं को प्रदान की गई. कार्यक्रम में प्लांट हेड सुनील कुमार तिवारी, एचआर हेड प्रणव कुमार, ईआर हेड सौमिक रॉय, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, महाप्रबंधक जीवराज सिंह संधू, महाप्रबंधक रणधीर प्रसाद, डॉ एस एल श्रीवास्तव, डॉ अरूणिमा वर्मा, यूनियन के पदाधिकारी, कमेटी मेंबर्स, आरके सिंह फैंस क्लब के सदस्य आदि मौजूद थे. कार्यक्रम का संचालन ईआर की वरीय प्रबंधक आंचल सिन्हा और धन्यवाद ज्ञापन जीवराज सिंह संधू ने किया.
बच्चों पर दबाव नहीं डालें
प्लांट हेड सुनील कुमार तिवारी ने कहा कि बच्चियों की इस उपलब्धि में अभिभावकों का भी बड़ा सहयोग है. सभी बधाई के पात्र हैं. उन्होंने कहा कि विगत वर्ष इसी सभागार में 215 छात्राओं को उत्कर्ष अवार्ड प्रदान किया गया था, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर 246 हुआ है. इसमें यूनियन का भी अहम योगदान है. उन्होंने कहा कि बच्चों पर प्रेशर मत डालिए. बच्चों की रूचि का सम्मान करते हुए उनका सहयोग करें. उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए कोई स्टार्ट या एंड नहीं है. आज के बच्चें बहुत स्मार्ट है.
बच्चियों के सपने साकार होने का मंच
महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि उत्कर्ष का यह मंच न सिर्फ अवार्ड देने का मंच है बल्कि हमारी बच्चियों के सपने को साकार करने तथा उन्हें आगे बढ़ाने का मंच है. उन्होंने कहा कि टाटा मोटर्स प्रबंधन की देखरेख में यहां के स्कूलों से मेधावी बच्चें निकलकर बड़ा नाम कमा रहे हैं. उन्होंने कहा कि टाटा मोटर्स प्रबंधन शिक्षा , स्वास्थ्य और सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में काम कर रहा है. उन्होंने बताया कि हमारे मजदूर भाईयों के बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए विद्या धन योजना का शुभारंभ किया गया है. कार्यक्रम को डॉ अरूणिमा वर्मा ने भी संबोधित किया.

