
उदित वाणी, जमशेदपुर : विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर टाटा मोटर्स ने आदिवासी युवाओं के पहले ऑल-गर्ल्स बैच को मोटर मैकेनिक के रूप में सफल प्रशिक्षण और प्रमाणन किया. चांडिल, जमशेदपुर और पोटका की तीन ग्राम पंचायतों से एकत्रित 13 युवतियों के इस अग्रणी समूह ने मेकेनिकल मोटर व्हीकल (एमएमवी) प्रशिक्षण मॉड्यूल पूरा कर लिया है. यह एक गहन कार्यक्रम है, जिसे वंचित समुदायों में रोज़गार सृजन के लिए डिज़ाइन किया गया है.
उनके प्रशिक्षण में टाटा मोटर्स के वाणिज्यिक वाहनों के पुर्जों पर 50 दिनों का कक्षा प्रशिक्षण शामिल था, जिसके बाद अधिकृत सर्विस स्टेशनों और डीलरशिप पर एक साल का ऑन-द-जॉब प्रशिक्षण (ओजेटी) दिया गया. प्रतिभागियों को वर्दी, सुरक्षा उपकरण, आवास और मासिक वजीफा सहित पूर्ण सहायता प्रदान की गई.

