
* यूनियन की दो सीटों पर होगा उप चुनाव, जेएन टाटा की मूर्ति लगेगी
उदित वाणी, जमशेदपुर : 31 मार्च से लंबित होने जा रहे ग्रेड में इस बार कई अहम फैसले होंगे. यूनियन की कोशिश है कि टाटा मोटर्स के कर्मचारियों का न केवल बेहतर ग्रेड हो, बल्कि जेओ ग्रेड के कर्मचारियों के वेतन में भी सम्मानजनक बढ़ोतरी हो. इसके लिए यूनियन ने काम करना शुरू कर दिया है. सोमवार को टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यूनियन के सलाहकार प्रवीण सिंह ने कहा कि यूनियन की कोशिश है कि पुराने ग्रेड और जेओ ग्रेड दोनों के कर्मचारियों के वेतन में सम्मानजनक बढ़ोतरी हो. उन्होंने कहा कि वर्तमान यूनियन की पहल पर ही कर्मचारियों का वेतन 30 हजार से 90 हजार तक पहुंच गया है. इस यूनियन ने बेहतर ग्रेड के साथ सामाजिक सुरक्षा योजना पर भी बेहतर काम किया है और अगले ग्रेड में भी यूनियन कर्मचारियों का बेहतर ग्रेड कराएगी.
कर्मचारियों के प्रति हम जवाबदेह
एक निष्कासित कर्मचारी की ओर से यूनियन महामंत्री पर लगाए जा रहे बेबुनियाद आरोप पर कहा कि टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन अपने कर्मचारियों के प्रति जवाबदेह है. हम यहां नेतागिरी करने के लिए नहीं बैठे है. अगर कर्मचारी कोई सवाल उठाते हैं, तो हम उसे तुरंत संज्ञान में लेते हैं, बाकी कौन क्या कह रहा है? उससे हमे कोई लेना-देना नहीं है.
ग्रेड वार्ता के लिए अध्यक्ष-महामंत्री अधिकृत
इसके पहले कमेटी मीटिंग हुई, जिसमें तमाम कमेटी मेंबरों एवं आफिस बेअरर्स ने यूनियन के शीर्ष नेतृत्व अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह के प्रति आस्था जताते हुए आगामी ग्रेड रीविजन के लिए प्रबंधन से वार्ता करने के लिए उन्हें अधिकृत किया. कमेटी मीटिंग में यूनियन की खाली हुई दो सीटों पर उप चुनाव कराने का भी फैसला लिया गया. यूनियन के दो कमेटी मेंबर मनोज शर्मा एवं सैयद मनुवर के सेवानिवृत्त होने के बाद कार्यकारिणी के रिक्त पदों को भरा जाना है. उप चुनाव संपन्न कराने के लिए पूर्व की चुनाव संचालन समिति में शामिल पर्यवेक्षक एवं चार सदस्यीय कमेटी को पुनः उपरोक्त जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया गया. यूनियन की जेनरल बॉडी मीटिंग कराने पर भी जल्द फैसला लिया जाएगा. प्रेसवार्ता में अनिल शर्मा एवं प्रकाश विश्वकर्मा थे. कमेटी मीटिंग में अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, सलाहकार प्रवीण सिंह के अलावे तमाम यूनियन पदाधिकारी, कमेटी मेंबर्स मौजूद थे.
कमेटी मीटिंग में इन मुद्दों पर हुई चर्चा
1. सेवानिवृत्त कमेटी मेंबर के दो रिक्त हुए पदों पर उपचुनाव.
2. आगामी ग्रेड रीविजन पर मजदूरों का सुझाव.
3. वार्षिक आमसभा
4. आगामी थर्ड मार्च को वृहद रक्तदान शिविर व टाटा साहब की मूर्ति का अनावरण.
5. टाटा साहब के मूर्ति निर्माण में प्रत्येक मजदूर की भागीदारी सुनिश्चित करना.

