
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स लिमिटेड के जमशेदपुर प्लांट में वर्तमान बिजनेस आवश्यकताओं को देखते हुए रविवार 15 मार्च को पूर्ण कार्य दिवस घोषित किया गया है. कंपनी द्वारा जारी एक सर्कुलर (संदर्भ संख्या: PD/WO/70, दिनांक 13.03.2026) के अनुसार, सभी डिवीजन/डिपार्टमेंट्स, सेवाओं सहित जेनरल ऑफिस को इस दिन काम करना होगा.
सर्कुलर में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि 15 मार्च को काम करने के बदले कॉम्पेंसेटरी ऑफ (अवकाश) बाद में अलग से घोषित और संचारित किया जाएगा. प्लांट के हेड – जमशेदपुर प्लांट ने इस सर्कुलर पर हस्ताक्षर किए हैं. डिवीजनल/डिपार्टमेंटल हेड्स को निर्देश दिए गए हैं कि वे कॉमन सर्विसेज की गतिविधियों को अपनी आवश्यकताओं के अनुसार समन्वयित करें और जरूरी निर्देश जारी करें. इस सर्कुलर की प्रतियां शिफ्ट चेंज नोटिस के साथ नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा दी गई हैं.
सर्कुलर की प्रतियां इंस्पेक्टर ऑफ फैक्ट्रीज, सर्कल वन, जमशेदपुर, डिप्टी लेबर कमिश्नर, जमशेदपुर और जेनरल सेक्रेटरी, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन, जमशेदपुर को दी गई है. यह फैसला कंपनी में उत्पादन लक्ष्यों और व्यावसायिक मांगों को पूरा करने के लिए लिया गया है. कर्मचारियों से अपील की गई है कि वे इस विशेष कार्य दिवस पर पूर्ण सहयोग दें. कॉम्पेंसेटरी अवकाश की तारीखों की जानकारी बाद में अलग से दी जाएगी. उल्लेखनीय है कि टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट वाणिज्यिक वाहनों के उत्पादन का प्रमुख केंद्र है, और ऐसे फैसले समय-समय पर उत्पादन आवश्यकताओं के आधार पर लिए जाते रहे हैं.

