
उदित वाणी, जमशेदपुर : बोकारो में 12-13 सितंबर को आयोजित 33 वें सीसीक्यूसी ( चैप्टर कन्वरसेशन ऑन क्वालिटी कॉन्सेप्ट्स – 2025 ) नामक प्रतिस्पर्धा में टाटा मोटर्स के फाउंड्री डिवीजन की टीम को पार एक्सीलेंस अवार्ड मिला. इस प्रतियोगिता की थीम थी-आत्मनिर्भर विकसित भारत के लिए गुणवत्तामूलक धारणा. निर्माण एवं सेवा क्षेत्र में निरंतर सुधार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में टाटा मोटर्स की कुल चार अलग – अलग टीमें भाग लीं थीं.
फाउंड्री डिवीजन की टीम निर्धारित थीम पर आधारित प्रेजेंटेशन, मॉडल , प्रश्नोत्तरी आदि की प्रस्तुति की बदौलत पार एक्सलेंस अवार्ड हासिल करने में सफल रही. इस प्रतियोगिता में विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों की कुल 44 टीमें भाग ली थी. टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन ने इस टीम को सम्मानित किया. फाउंड्री डिवीजन में आयोजित समारोह में यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, डिवीजनल हेड डॉ डीएस पदन समेत वरीय अधिकारी उपस्थित थे. सबों ने सफल टीम के सदस्यों को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दी.
यूनियन के लिए गौरव का पल-महामंत्री
महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि प्रबंधन के कुशल नेतृत्व में जब हमारे मजदूर भाई कुछ अच्छा कर वापस लौटते हैं तो यह नि:संदेह प्रबंधन एवं यूनियन के लिए गौरवान्वित करने वाला पल होता है. मैं सबों से अनुरोध करता हूं कि टाटा मोटर्स का झंडा इसी तरह हर क्षेत्र में बुलंद रहे. इसके लिए हर संभव प्रयास करना है. मंच संचालन रणविजय सिंह और धन्यवाद ज्ञापन शैकत भट्टाचार्य ने किया.

