
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के प्लांट थ्री की महिला कर्मचारी तथा टेल्को को ऑपरेटिव सोसायटी की प्रबंधन समिति की सदस्य (कमेटी मेंबर) आर कुमारी के खिलाफ प्रॉक्सी पास के जरिए कंपनी से बाहर जाने का मामला सामने आया है. प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच भी शुरु कर दी है. कंपनी में कर्मचारियों को आपात स्थिति में कंपनी परिसर से बाहर जाने के लिए पिंक या येलो पास दिए जाते हैं. पिंक पास से कर्मचारी अपने व्यक्तिगत कामों के लिए बाहर जाते हैं जबकि येलो पास के जरिये कंपनी बिजनेस से कर्मचारियों को बाहर जाने की अनुमति होती है.
बताया जा रहा है कि बाहर जाने के लिए आर कुमारी ने येलो पास का उपयोग किया. नियमानुसार पास पर डिविजनल हेड का हस्ताक्षर होता है, तभी उस पास पर बाहर जाने की अनुमति होती है. आर कुमारी जिस पास का इस्तेमाल करती थी, उस पर डिविजनल हेड का हस्ताक्षर नहीं था. तो फिर किसके हस्ताक्षर पास पर थे? यह मामला सामने आने पर कंपनी की आइडीएस ने जांच शुरु कर दी है. बताया जा रहा है कि आइडीएस ने मामले की जांच कर विभागीय अधिकारियों को रिपोर्ट भी भेज दिया है. कार्रवाई होने की भी बात कही जा रही है.
